दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी

  • whatsapp
  • Telegram
  • koo
दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी

समूचा उत्तर भारत, कश्मीर घाटी से आ रही शीत लहर की गिरफ्त में है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी के तापमान में मामूली बढ़ोतरी के बाद यहां लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी में आसमान साफ रहने के कारण यहां का मौसम सुहाना रहा, जबकि राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की धुंध छायी रही।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से पांच डिग्री अधिक है। यहां का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में रात के तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी, जिससे लद्दाख क्षेत्र और घाटी के लोगों को कंपकंपा देने वाली ठंड से मामूली राहत मिली।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में कारगिल के तापमान में पिछली रात की अपेक्षा करीब 12 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी और यहां का तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। इससे पिछली रात यहां का तापमान शून्य से 15.4 डिग्री सेल्सियस कम था।
अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी लेह कस्बे का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में छह डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पिछली रात यहां का तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर शहर का न्यूनतम तापमान पिछली रात की तुलना में करीब तीन डिग्री सेल्सियस बढ़कर 2.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पिछली रात यहां का तापमान शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने कश्मीर के ऊंचाई वाले और दूरदराज इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है, लेकिन कल से कुछ दिनों तक मुख्य तौर पर मौसम शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
रेगिस्तानी प्रदेश राजस्थान के माउंट आबू का तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके बाद भीलवाड़ा का तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य का दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा।
राजस्थान के सीकर, अलवर, चुरु और चित्तौड़गढ़ का न्यूनतम तापमान क्रमश: 4, 4.2, 4.7 और 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनस्थनी, पिलानी, दाबोक और श्रीगंगानगर में रात का तापमान क्रमश: 5.9, 6.1, 6.6 और 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर स्थानों का तापमान भी पूर्ववत रहा, जबकि हिसार राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां का तापतान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा, करनाल में रात का तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नारनौल का तापमान 5 डिग्री, रोहतक का 6.3 डिग्री और अंबाला का तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया, ''सुबह के समय हरियाणा और पंजाब के कई स्थानों पर धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित रही।'' पंजाब में आदमपुर में कड़कड़ाती ठंड जारी रही और यहां का तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञानियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश का मौसम आमतौर पर शुष्क रहा, जबकि उत्तर राज्य के कुछ स्थानों में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि बहराइच और मुजफ्फरनगर का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Share it